- विनोद मिश्रा
बांदा। बाढ़ नियंत्रण समिति के साथ बैठक और तैयारियों की जिलाधिकारी ने शनिवार को समीक्षा की। उन्होंने रेड जोन वाले गांवों में खाद्यान्न की अतिरिक्त व्यवस्था के साथ ही नाविक और गोताखोरों की नाम, पता व मोबाइल के साथ सूची तैयार करने को कहा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से पहले बांधों के फाटक दुरुस्त कराए जाएं।

कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को बैठक में जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने दैवीय आपदा प्रभारी अधिकारी से जिला स्तर पर बनी बाढ़ पुस्तिका में अंकित सूचनाओं को दुरुस्त कराने को कहा। एसडीएम व तहसीलदार नावों की पर्याप्त व्यवस्था करेंगे तथा नाविक व गोताखोरों के नाम, पते, मोबाइल नंबर की सूची तैयार करेंगे। बाढ़ चौकियों की स्थापना समय से कराएंगे। जिला पूर्ति अधिकारी उवैदुर्रमान रेड जोन के गांवों में कोटेदारों को चिह्नित कर अतिरिक्त खाद्यान्न का इंतजाम करेंगे। जनपद में पेट्रोल पंप संचालकों को रिजर्व डीजल रखने की व्यवस्था कराएंगे। बाढ़ के समय लाई, चना, गुड़ा आदि का टेंडर कराएंगे।

डीएम ने जिला कृषि अधिकारी प्रमोद कुमार से कहा कि अतर्रा व बांसी स्थित कृषि फार्मों पर पर्याप्त भूसे की व्यवस्था करें। विद्युत विभाग के एक्सईएन जीर्ण-शीर्ण व झूलते तारों को दुरुस्त कराएंगे। जल निगम व जल संस्थान टूटी, क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को दुरुस्त कराने के साथ हैंडपंप के पानी की शुद्धता की जांच कराएंगे। सीवीओ डा.एसपी सिंह बाढ़ के बाद पशुओं के टीकाकरण की व्यवस्था व चारा-भूसे की अतिरिक्त व्यवस्था करें। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से बारिश से पहले क्षतिग्रस्त पुलों व पुलियों का फिजिकल सत्यापन कराते हुए मरम्मत आदि का काम समय से कराने को कहा। डीएफओ संजय अग्रवाल से कहा कि वर्षा के दौरान आंधी व तूफान के कारण जो पेड़ रोड व रास्ते में टूटकर गिर सकते हैं, उन्हें हटाने की तत्काल व्यवस्था कराएं।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
