- विनोद मिश्रा
बांदा। गोशालाओं में पल रहे गोवंशी पशुओं को बेसहारा छोड़ना प्रधानों को महंगा पड़ गया। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार ग्राम पंचायतों के प्रधानों के वित्तीय अधिकार सीज करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही दोषी पाए जाने पर निलंबन की भी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों की शिकायत पर सीडीओ ने तिंदवारी ब्लाक के मुंगूस, तेरहीमाफी और सैमरी ग्राम पंचायतों में संचालित गोशालाओं का निरीक्षण किया था। इसके बाद 18 अप्रैल को जांच आख्या डीएम को सौंपी थी। जिसमें उन्होंने बताया कि तिंदवारी ब्लाक की ग्राम पंचायत तेरहीमाफी गोशाला में 86, ग्राम पंचायत सैमरी गोशाला से 135 और मुंगूस गोशाला से 160 गोवंशी पशु तथा विकास खंड बड़ोखर खुर्द की ग्राम पंचायत जारी में गोशाला से 240 गोवंशी पशुओं को बेसहारा छोड़ा गया था। ग्राम प्रधान व सचिवों ने बताया कि गर्मी की वजह से पालीथिन और टिन तप रही हैं। इससे गोवंश बीमार हो रहे हैं। इसी वजह से उन्हें खुला छोड़ा गया था।

प्रशासन की सख्ती के बाद ग्राम पंचायत सैमरी की गोशाला में 135 में 125 गोवंशी पशु वापस लाए गए। जबकि 10 गोवंशी पशुओं का पता नहीं चला। मुंगूस की गोशाला में 160 मवेशी छोड़े गए थे। यहां 30 गोवंशी पशु वापस नहीं लाए गए। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने जिला विकास अधिकारी व डीपीआरओ से कहा है कि गोशालाओं से गोवंशी पशुओं को बाहर निकालने व फिर से गोशालाओं में संरक्षित करने में की गई अनियमितता व लापरवाही गंभीर मामला है। ग्राम प्रधान, सचिव और केयर टेकर के खिलाफ तीन दिन के अंदर सख्त कार्रवाई की जाए। उधर, जिला विकास अधिकारी डा.रवि किशोर त्रिवेदी ने बताया कि सचिव व प्रधानों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बुधवार तक संबंधित तेरहीमाफी, सैमरी व मुंगूस सहित बड़ोखर खुर्द ब्लाक की ग्राम पंचायत जारी के प्रधानों के खिलाफ उनके वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सचिवों को निलंबित करने के साथ केयरटेकरों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
