- विनोद मिश्रा
बांदा। साथ जीने-मरने की कसमें खाकर बीएससी व डीएलएड छात्राओं ने घर से भागकर दिल्ली में समलैंगिक विवाह कर लिया। स्वजन के गुमशुदगी दर्ज कराने पर स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने दोनों को गोमती नगर लखनऊ से बरामद किया। दोनों ने आर्य समाज मंदिर से शादी करने का प्रमाणपत्र दिखाया। दोनों साथ रहने पर अड़ी हैं और पुलिस उन्हें बांदा लाकर पूछताछ कर रही है।

बिसंडा थानाक्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय छात्रा डीएलएड की पढ़ाई कर रही है। वहीं से उसी की हमउम्र सहेली बीएससी कर रही है। दोनों करीब चार वर्ष से परिचित हैं। दोनों की दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई और होलिकादहन की रात 17 मार्च को अपने-अपने घरों से बिना बताए निकल गईं। उन्होंने दिल्ली जाकर आर्यसमाज मंदिर में शादी कर ली। 18 मार्च की सुबह बेटी के न मिलने पर डीएलएड छात्रा के शिक्षक माता-पिता ने थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया तो एसओजी को ढूंढऩे में लगाया गया। एसओजी ने सर्विलांस से उनके मोबाइल नंबर ट्रेस किए तो लोकेशन गोमती नगर लखनऊ में मिली। एसओजी व पुलिस टीम ने मंगलवार रात वहां दबिश दी। दोनों किराए के कमरे में मिलीं। एसओजी व पुलिस टीम उन्हें लेकर बुधवार को बिसंडा थाने पहुंची। दोनों समलैंगिक शादी करने की बात कहकर दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ी हैं। थाने के एसएसआइ कन्हैयालाल ने बताया कि दोनों ने कोर्ट में शादी करने का प्रमाणपत्र नहीं दिखाया है। पूछताछ की जा रही है। डीएलएड छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

– लड़के की तरह रहती बीएससी छात्रा
डीएलएड छात्रा के स्वजन ने बताया कि जिससे उनकी बेटी शादी करने की बात कह रही है। वह अपने बाल छोटे कराकर लड़के की तरह रहती है। मामला संज्ञान में आने के बाद एसओजी तीन दिन पहले भी गोमती नगर दबिश देने गई थी। लेकिन वहां दोनों छात्राएं नहीं मिली थीं। एसओजी ने मकान मालिक को जानकारी देने को कहा था। उसने बताया था कि वह दिल्ली जाने को कह रही थीं।
– पकड़े जाने पर हंगामा, लखनऊ पुलिस पहुंची
डीएलएड छात्रा को साथ लेकर बीएससी छात्रा लौट रही थी। पुलिस के पकड़ते ही उसने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसने गोमती नगर थाने में फोन कर अपनी पत्नी के अपहरण करने की सूचना दी तो गोमती नगर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने बांदा के एसआइ से फोन पर बात की तो गोमती नगर पुलिस ने दोनों को साथ ले जाने को कहा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
