उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के छठें चरण का प्रचार मंगलवार को थम गया। इस चरण में 10 जिलों की 57 सीटों पर बृहस्पतिवार को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व आधा दर्जन मंत्रियों व इतने ही पूर्व मंत्रियों की किस्मत का फैसला होगा। इस चरण में जिन जिलों में मतदान होना है उसमें बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, गोरखपुर, अम्बेडकरनगर, बलिया, बलरामपुर, कुशीनगर और महाराजगंज शामिल हैं। मंगलवार को सभी प्रमुख दलों के दिग्गजों ने चुनाव वाले जिलों में प्रचार के अंतिम दिन अपना पूरा जोर लगाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर में और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाराजगंज में जनसभा को संबोधित किया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बलिया और गोरखपुर में पार्टी के प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया, शिवपाल यादव ने देवरिया में सपा के प्रत्याशी के लिए वोट मांगे, प्रियंका गांधी ने महाराजगंज में अपने प्रत्याशी के लिए जनसभा की।

इस चरण में कई प्रमुख नेताओं की किस्मत का फैसला होगा। नेता सदन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से मैदान में हैं वहीं नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी बलिया की बांसडीह से मैदान में हैं। बलिया में मंत्री उपेंद्र तिवारी का भाग्य भी इसी चरण में तय होगा। वहीं पूर्व मंत्री नारद राय भी बलिया सदर से मैदान में हैं। बलिया की बैरिया सीट से मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला की किसमत बृहस्पतिवार को तय हो जाएगी। इसके अलावा सिद्धार्थनगर की इटवा सीट से मौजूदा सरकार में मंत्री सतीश द्विवेदी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय आमने सामने हैं। इसके अलावा मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पूर्व मंत्री लालजी वर्मा, राम अचल राजभर, स्वामी प्रसाद मौर्य, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की भी किसमत का भी फैसला होगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
