महोबा। मंगलवार की रात बाइक सवारों को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक उछल कर मध्य प्रदेश सीमा में पहुंच गया और दूसरा उप्र सीमा में ही गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। एक युवक के स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे साथी युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसका पोस्टमार्टम मप्र के छतरपुर में किया गया।

मुख्यालय पुलिस ने एक शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दिवंगत के साथी का शव मप्र पुलिस ले गई। मध्य प्रदेश के जनपद छतरपुर के थाना लवकुशनगर के ग्राम इटवा निवासी 30 वर्षीय मुकेश यादव पुत्र बाबूलाल यादव मंगलवार की देर शाम बाइक से अपने गांव जा रहा था। तभी गांव का ही 22 वर्षीय मजदूर नरेश श्रीवास पुत्र कंधी श्रीवास रास्ते में मिल गया और दोनों लोग बाइक से गांव जा रहे थे। मुकेश के बड़े भाई राजेश ने बताया कि उप्र-मप्र सीमा बांसपहाड़ी के पास बाइक में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे मुकेश यूपी सीमा में ही गिर गया लेकिन नरेश करीब तीन मीटर दूर उछल कर मप्र सीमा में जा गिरा। ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना स्वजन को दी। स्वजन मुकेश को जिला अस्पताल लेकर आए। जहां पर उसे डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया गया।

राजेश ने बताया कि नरेश का शव मप्र सीमा में पहुंच जाने के कारण वहां की पुलिस ले गई है। सूचना पर पुलिस ने मुकेश के शव का पंचनामा पोस्टमार्टम को भेज दिया है। भाई ने बताया कि मुकेश उपभोक्ता फोरम में संविदा चालक था और वह प्रतिदिन गांव से मुख्यालय आना जाना करता था। दिवंगत अपने पीछे पत्नी रीमा और दो वर्षीय पुत्र अनुज छोड़ गया है। महोबा सदर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी, मप्र पुलिस से संपर्क किया गया था। एक शव का पोस्टमार्टम मप्र के छतरपुर में हुआ है, दूसरे युवक को उसके परिजन महोबा सदर अस्पताल लाए थे इसलिए उसका पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
