- ( ब्यूरो रिपोर्ट )
लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मंगलवार को 17 और प्रत्याशियों की सूची जारी करने के साथ ही लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों को लेकर चल रही सभी अटकलों को विराम लगा दिया। खास बात ये है कि योगी आदित्यनाथ सरकार में महिला कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह को सरोजिनी नगर से टिकट नहीं मिला है । पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित को भी ज्यादा उम्र के चलते चुनाव लड़ने का फिर मौका नहीं दिया है। उन्नाव की भगवंतनगर सीट से अब आशुतोष शुक्ला को प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा ने विधायक सुरेश तिवारी और अवनीश त्रिवेदी का भी टिकट काट दिया है।

योगी सरकार में मंत्री स्वाति सिंह व उनके पति भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह के बीच चल रही आपसी खींचतान का आखिरकार दंपती को ही नुकसान उठाना पड़ा है। स्वाति व दयाशंकर दोनों इसी सीट से अपनी-अपनी दावेदारी कर रहे थे। बीते दिनों स्वाति सिंह का एक आडियो भी वायरल हो गया था, जिसमें दंपती के बीच रिश्तों में खटास खुलकर सामने आ गई थी। इसके बाद से ही दोनों का टिकट कटना तय माना जा रहा था।
भाजपा ने एक दिन पूर्व ही ईडी लखनऊ के ज्वाइंट डायरेक्टर के पद से वीआरएस लेने वाले राजेश्वर सिंह को सरोजनीनगर सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। राजेश्वर जल्द लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। लखनऊ की बहुचर्चित कैंट सीट से पार्टी ने कानून मंत्री बृजेश पाठक को टिकट देकर उन पर भरोसा जताया है। इसके साथ ही कैंट सीट से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी और सपा छोड़कर भागवा दल में आईं मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव की दावेदारी को लेकर चल रही चर्चाएं भी खत्म हो गईं। पार्टी ने अपने मंत्री आशुतोष टंडन व विधायक डा.नीरज बोरा पर भी भरोसा जताया है। आशुतोष टंडन लखनऊ की पूर्वी सीट से तथा डा.नीरज बोरा लखनऊ की उत्तर सीट से प्रत्याशी बनाया है।


![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
