- विनोद मिश्रा
बांदा। साइड से काम कराकर लौट रहे बाइक सवार ठेकेदार की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना करने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना से स्वजन बेहाल हैं।
पैलानी कस्बा निवासी बीडीसी सदस्य कमल सिंह का छोटा भाई 30 वर्षीय अमित सिंह गौर उर्फ ढोला पुत्र छोटू सिंह जसपुरा डिग्री कालेज से स्नातक की पढ़ाई करने के साथ ठेकेदारी करता था। शुक्रवार रात वह पलरा गांव में जेसीबी से मिट्टी की खोदाई कराकर बाइक पर घर लौट रहा था। रास्ते में चिल्ला थाना क्षेत्र के नरी व पलरा गांव के बीच डिग्री कालेज के पास उसे तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लग गई। हादसे के बाद आरोपित चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। यूपी 112 व एंबुलेंस कर्मी उसे आनन-फानन ट्रामा सेंटर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने उसके मोबाइल से स्वजन को घटना की जानकारी दी। बड़े भाई बीडीसी सदस्य ने बताया कि अमित सिंह चार भाइयों में सबसे छोटा होने के साथ अविवाहित था। ठेकेदारी के अलावा पिता के साथ वह कृषि कार्य में भी हाथ बंटाता था। शव देखकर मां मुन्नी देवी समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुराहाल है। ग्रामीणों ने बताया कि रात में ओवरलोड ट्रक तेज रफ्तार में वहां से गुजरते हैं। इससे किसी भारी वाहन की चपेट में आने की आशंका लग रही है। चिल्ला थाना प्रभारी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्वजन घटनास्थल से उसकी बाइक ले गए हैं। अभी तक दुर्घटना करने वाले वाहन के बारे में कोई ठीक से कुछ बता नहीं पाया है। स्वजन के तहरीर देने पर घटना का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
