– दो आक्सीजन प्लांटों समेत 400 बेड के दो अस्पताल तैयार
- विनोद मिश्रा
बांदा। कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रान के केस बढ़ने लगे हैं। इसको लेकर यूपी सरकार ने पहले ही हाईअलर्ट जारी कर दिया था। इसके साथ ही स्वास्थ्य महकमे को किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। इधर, स्वास्थ्य महकमा भी इस महामारी से निपटने की तैयारियों में जुटा हुआ है। तकरीबन चार सौ बेड के अस्पताल को पूरी तरह से दुरुस्त किया जा रहा है। दो आक्सीजन प्लांटों में एक आक्सीजन प्लांट की सेंपल रिपोर्ट भी आ गई है। दूसरी रिपोर्ट के आने का इंतजार है। इसके साथ ही सतकर्ता बरतने के निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा दिए जा रहे हैं। सबसे परेशानी वाली बात तो यह है कि न तो लोग मास्क लगा रहे हैं और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का ही पालन किया जा रहा है, यह बहुत ही बड़ जोखिम है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी बेपरवाह बने हुए हैं, जबकि तैयारियों के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाना अनिवार्य किया जाना चाहिए।

– कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रान को लेकर बरती जा रही सतर्कता
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रान से तीसरी लहर का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद भी लोग सतर्कता नहीं बरत रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग तीसरी लहर से निपटने के लिए कवायदों में जुट हुआ है। 300 बेड के अस्पताल में फिलहाल निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं पर 100 बेड का पीकू वार्ड बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इस वार्ड में बेडों को दुरुस्त कराने का काम कर रहे हैं। बताया जाता है कि बेड में वेंटीलेटर लगा दिए गए हैं। लेकिन फिलहाल आक्सीजन की व्यवस्था अभी नहीं हो पाई। 300 शैया बेड वाले अस्पताल में आक्सीजन प्लांट लगा हुआ है। लेकिन उसकी सेंपल रिपोर्ट अभी नहीं आई है। सीएमएस जिला अस्पताल डा. एसएन मिश्र ने बताया कि ट्रामा सेंटर के सामने बने 100 बेड के आक्सीजन प्लांट की सेंपल रिपोर्ट आ चुकी है। अब उससे उत्पादन शुरू किया जाएगा। 300 बेड वाले आक्सीजन प्लांट की रिपोर्ट का इंतजार है।

– अब तक 10 लाख से अधिक लोगों को लग चुकी कोरोना वैक्सीन
सीएमओ डा. वीके तिवारी ने बताया कि 12 लाख 90 हजार लोगों को वैक्सीन लगनी थी। फिलहाल लगभग 10 लाख लोगों को पहली डोज लग चुकी है। चार लाख लोगों को दूसरी डोज का टीका लग चुका है। तीसरी लहर की संभावना के मद्देनजर लोगों ने वैक्सीन लगवाना तेज कर दिया है। सीएमओ डा. वीके तिवारी ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 14 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। इतना ही नहीं उन्हें वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर लगभग एक लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। अभी भी वैक्सीनेशन का काम चल रहा है। दो शिफ्टों में वैक्सीन लोगों को लगाई जा रही है ताकि लोगों को परेशानी न हो।

– मास्क न लगाना एक बड़ी परेशानी
कोरोना की पहली और दूसरी लहर से भी लोग सबक नहीं ले रहे हैं। तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए लोग लापरवाही कर रहे हैं और बिना मास्क के जिला अस्पताल परिसर में घूमते नजर आ रहे हैं। जबकि यह लापरवाही लोगों के लिए घातक साबित हो सकती है। पर्चा काउंटर से लेकर दवा वितरण कक्ष और चिकित्सकों के चेंबर तक में मरीज और उनके तीमारदार बिना मास्क के पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल प्रशासन भी इस मामले को लेकर ढीला डाले हुए है।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )
https://www.youtube.com/watch?v=aa3shI9IAIw&t=77s
https://www.youtube.com/watch?v=eNCuWf-CQH8&t=5s
https://www.youtube.com/watch?v=yoqsHGrU0V4



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
