– फीस जमा करने जा रही थी छात्रा
– बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
- विनोद मिश्रा
बांदा / नरैनी। इलाहाबाद बैंक से 35 हजार रुपया निकालकर कालेज फीस जमा करने जा रही छात्रा का रुपयों से भरा बैग बाइक सवार ने छीन लिया और भाग निकला। छात्रा ने शोर मचाया तो राहगीर और छात्राएं दौड पड़ीं, लेकिन तब तक बाइक सवार युवक बैग लेकर भाग निकला। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा से पूछतांछ की। इसके साथ ही बैंक के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
कालिंजर थाने के नौगवां गांव के छिगरिहा पुरवा निवासी सुमन पटेल पुत्री रामप्रसाद अपनी छोटी बहन रूपा के साथ इलाहाबाद बैंक से 35 हजार रुपये निकालकर सीताराम समर्पण महाविद्यालय रिक्शा में बैठकर जा रही थी। उसे छोटी बहन रूपा की फीस जमा करनी थी। तभी कस्बा के अतर्रा मार्ग में पावर हाउस के पास पीछे से आए बाइक सवार युवक ने रुपयों से भरा छात्रा का बैग झपट्टा मारकर छीन लिया और भाग निकला। छात्रा ने शोर मचाया, लोग मौके की ओर दौड़े लेकिन तब तक बाइक सवार वहां से रफूचक्कर हो गया। छात्रा ने 112 नंबर को फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस बैंक पहुंची। वहां पर कोतवाली एसआई नरेंद्र सिंह ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है, अभी तक तहरीर नहीं मिली है।

– पूर्व में हुई घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी खाकी
नरैनी। यह पहली घटना नहीं है। 28 अक्टूबर को इलाहाबाद बैंक से गुढ़ा गांव के बड़हर पुरवा निवासी बिन्नू पत्नी राजेश 30 हजार रुपये निकालकर अपने घर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार युवक थैला छीन कर भाग गए थे। दूसरी घटना 20 जुलाई को हुई थी, इसमें थाना कालिंजर गांव केकरा पुरवा निवासी महिला रैना पत्नी रामअवतार भारतीय स्टेट बैंक से 25 हजार रुपये निकालकर अपने गांव जा रही थी, तभी रास्ते में दो युवक टप्पेबाजी कर महिला के रुपए छीन लिए। तीसरी घटना 12 अप्रैल कालिंजर थाना अंतर्गत गुड़ा कला के मजरा बसराही निवासी लालबाबू पुत्र पूरन बैंक से 35 हजार रुपए निकाल कर अपने घर जा रहा था, तभी टप्पेबाजी का शिकार हो गया। कस्बा में ज्यादातर लोग सप्ताहिक बाजार दिन मंगलवार के दिन ही इस तरह की घटनाएं होती हैं। पुलिस द्वारा किसी भी घटना का पर्दाफाश न किए जाने से टप्पेबाजों व लुटेरों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
