- विनोद मिश्रा
बांदा। वायरल फीवर का प्रकोप होने के कारण हर घर में दो या चार मरीज नजर आ रहे हैं। खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित मरीजों की लंबी फेहरिस्त है। वायरल के साथ ही डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। सुबह अस्पताल खुलने से लेकर चिकित्सकों के काउंटर छोड़ने तक मरीजों की रेलमपेल मची रहती है। वायरल फीवर की चपेट में आए एक दर्जन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मौसमी परिवर्तन के साथ बीमारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। वायरल फीवर, सर्दी जुकाम के अलावा डेंगू के मरीज आने शुरू हो गए हैं। लगातार बढ़ रही बीमारियों से स्वास्थ्य विभाग सकते में आ गया। स्वास्थ्य विभाग केवल अपना कागजी कोरम पूरा कर रहा है। आलम यह है कि अस्पतालों में मरीजों को दवाई तक उपलब्ध नहीं हो पा रही। लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या से दवा का भी टोटा होने लगा है।

इधर, स्वास्थ्य विभाग दम भर रहा है कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं। मौसमी बीमारी से हर घर में दो-दो चार-चार लोग वायरल फीवर से बीमार पड़े हैं। बुखार की चपेट में आए मुलिया (35) पत्नी रामहृदय निवासी महुआ, शिवम (12) पुत्र सुरेंद्र जौहरपुर, शिवपतिया (40) पत्नी महेश पिस्टा, गुलाबरानी (60) पत्नी स्वामीदीन मोहनपुरवा, पूजा (30) पत्नी धनंजय बबेरू, सुनीता (78) पत्नी दिनेश, पुत्री खुशबू (17) निवासी लौली टीकामऊ, गंगासागर (25) पुत्र विजयशंकर बबेरू, चंपा (68) पत्नी झल्लू सिंहपुर, रामदीन (70) पुत्र जगनाथ गायत्री नगर को भर्ती कराया गया। ट्रामा सेंटर ईएमओ डा. विनीत सचान ने बताया कि मौसमी परिवर्तन से वायरल फीवर लगातार बढ़ रहा है। इससे सावधानी बरतने की जरूरत है।

– आठ बेड का बनाया गया डेंगू वार्ड
बांदा। वायरल और डेंगू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। सीएमएस डा. उदयभान सिंह ने बताया कि डेंगू जैसी महामारी से निपटने के लिए उनके पास पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने डेंगू से पीड़ित मरीजों के लिए करीब आठ बेड का वार्ड बना लिया है। सीएमएस का कहना है कि फिलहाल उनके यहां कोई भी डेंगू का मरीज भर्ती नहीं है। डेंगू के मरीज आने पर इस वार्ड को खोल दिया जाएगा और स्टाफ की तैनाती कर दी जाएगी।

– वायरल के साथ बढ़ा डायरिया
बांदा। बारिश के दौरान संक्रामक बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं। वहीं प्रदूषित पानी की आपूर्ति भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनकर रह गई है। दूषित पानी पीने से लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उल्टी दस्त पीड़ित लोगों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। बीते 24 घंटे के दौरान उल्टी दस्त से पीड़ित करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने लोगों को आगाह किया कि इस मौसम में लोगों को पानी उबालकर ठंडा करने के बाद इस्तेमाल करना चाहिए। बासी भोजन से परहेज करें।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )


![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
