विनोद मिश्रा
बांदा। डीएम आनंद सिंह कृपया ध्यान दें, कहीं स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही मरीजों की जान पर अठखेलियाँ न खेलने लगे। बगैर रेडियोलॉजिस्ट के निजी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित हैं। प्रशिक्षण लेकर प्रमाणपत्र पा चुके एमबीबीएस डाक्टर रेडियोलॉजिस्ट का कार्य कर रहे हैं। मरीजों का अल्ट्रासाउंड करतें हैं।

आश्चर्य तो यह है की स्वास्थ्य विभाग ने भी प्रशिक्षण प्रमाणपत्र के आधार पर निजी अस्पतालों को अल्ट्रासाउंड संचालन की मंजूरी दे रखी है।आंकड़ों के मुताबिक, जिले में मात्र एक रेडियोलॉजिस्ट है, लेकिन अल्ट्रासाउंड सेंटर 16 पंजीकृत हैं। हैरत की बात है कि रेडियोलॉजिस्ट के बगैर इतनी बड़ी संख्या में अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित हो रहे हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल सहित 14 प्राइवेट अस्पताल शामिल हैं। अल्ट्रासाउंड संचालन का लाइसेंस लेने वाले प्राइवेट अस्पतालों में शहर के 12 और बबेरू व अतर्रा में एक-एक हैं। जिला अस्पताल को छोड़कर अन्य कहीं भी अल्ट्रासाउंड केंद्र में रेडियोलॉजिस्ट नहीं है।

कामचलाऊ व्यवस्था के तहत मरीजों को इसका लाभ दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने खुद स्वीकारा कि रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में निजी अस्पतालों में एमबीबीएस डाक्टर मरीजों का अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। हालांकि, इन सभी ने अल्ट्रासाउंड का प्रशिक्षण ले रखा है। इसआधार पर उन्हें अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालन का लाइसेंस दिया गया है।

सरकारी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड संचालन का बुरा हाल है। रेडियोलॉजिस्ट की कमी से जूझ रहे अस्पतालों के अल्ट्रासाउंड कक्षों में ताले लटक रहे हैं। महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने से अल्ट्रासाउंड कई माह से बंद है। वहीं जिला अस्पताल में महोबा के रेडियोलॉजिस्ट को संबद्ध कर अल्ट्रासाउंड संचालन शुरू किया गया, पर वह यहां मात्र तीन दिन ही बैठते हैं। इससे मरीजों को भरपूर फायदा नहीं मिलता।

मेडिकल कॉलेज में भी सुविधाओं का टोटा है। खास बात यह है कि पंजीकरण अवधि समाप्त होने के बावजूद यहां अल्ट्रासाउंड हो रहे हैं।उधर, प्रधानाचार्य डा. मुकेश यादव ने बताया कि अब तक रेडियोलॉजिस्ट न होने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहा था। जिला अस्पताल से सेवानिवृत्त हुए रेडियोलॉजिस्ट डा. पीएस सागर संविदा पर तैनात किए गए हैं। पिछले पांच दिनों से अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू हो गई है।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
