- विनोद मिश्रा
बांदा। जिले में सरकारी राजस्व को गजब का चूना लगा है।चौदह करोड़ रुपये से ज्यादा रायल्टी घटी। अवैध खनन और ओवर लोडिंग लगातार बढ़ी। फिर क्या बांदा के खनिज अधिकारी पर गाज गिर गई। प्रदेश की भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशक डॉ. रोशन जैकब ने यहां के जिला खान अधिकारी सुभाष सिंह को निलंबित कर दिया । अपनी संस्तुति शासन को भेजते हुए निलंबित खान अधिकारी को लखनऊ स्थित निदेशालय से संबद्ध किया गया है।

खनिज अधिकारी सुभाष सिंह पर शुरू से ही आरोपों की बौछार थी। अवैध खनन और ओवर लोडिंग से खदान पट्टाधारकों की आमद भले ही कई गुना बढ़ गई हो, लेकिन खनिज विभाग के राजस्व में भारी गिरावट आई। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष रायल्टी/राजस्व में 14 करोड़ 93 लाख 67 हजार 372 रुपये की गिरावट आई। पिछले 2020-21 में जहां 72 करोड़ 40 लाख 70 हजार 724 रुपये राजस्व आया था, वहीं चालू वर्ष 2021-22 में जून तक मात्र 57 करोड़ 47 लाख 3 हजार 352 रुपये जुटाए जा सके। शासन ने चालू वर्ष में खनिज विभाग का वार्षिक लक्ष्य 4 अरब रुपये निर्धारित किया है। जून तक मात्र 16 फीसदी लक्ष्य पूर्ति हो पाई है।

उधर, निलंबन कार्रवाई के घेरे में आए मौजूदा खनिज अधिकारी सुभाष सिंह पर अवैध खनन और ओवर लोडिंग आदि के आए दिन आरोप लगते रहे। पिछले माह जून में उजरेहटा खदान में संयुक्त टीम की जांच में कई ओवरलोड ट्रक सीज कर दिए थे। इस पर ट्रक आपरेटर्स/ट्रासंपोटर्स ने जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह को शिकायतीपत्र देकर खनिज अधिकारी पर खदान संचालकों से साठगांठ करके निर्दोष ट्रकों को सीज करने का आरोप लगाया था। इसी वर्ष मार्च माह में खनिज निदेशक ने बांदा की कई खदानों का आकस्मिक निरीक्षण किया था। तीन पट्टाधारकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर इन्हें ब्लैक लिस्ट करने के आदेश दिए थे। इनमें जौहरपुर, कनवारा व पथरी खदानें शामिल थीं।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
