( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश ब्यूरों )
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस को अपना नया मुखिया मिल गया है। एचसी अवस्थी के रिटायर होने के बाद आइपीएस मुकुल गोयल को नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बनाया गया है। बुधवार शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन नामों में से मुकुल गोयल को चुन लिया है। आइपीएस मुकुल गोयल वर्तमान में बीएसएफ के एडीशनल डीजी आपरेशन्स के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी सेवानिवृत्त हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के बाद उन्होंने एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार को पदभार सौंपा।

1987 बैच के आइपीएस अधिकारी मुकुल गोयल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली जिले के रहने वाले हैं। बीएसएफ के एडीजी मुकुल गोयल आजमगढ़ के एसपी और वाराणसी, गोरखपुर, सहरानपुर, मेरठ जिलों के एसएसपी रह चुके हैं। वह कानपुर, आगरा, बरेली रेंज के डीआइजी और बरेली जोन के आइजी भी रह चुके हैं। इसके अलावा मुकुल गोयल केंद्र में आइटीबीपी, बीएसएफ, एनडीआरएफ में भी काम कर चुके हैं। यूपी में एडीजी रेलवे, सीबीसीआइडी और अखिलेश यादव की सरकार में यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर भी रह चुके हैं।

उत्तर प्रदेश के नए पुलिस मुखिया के नाम पर बुधवार शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतिम मुहर लगा दी। मंगलवार शाम से ही उनके डीजीपी बनने के कयास लगाए जा रहे थे। दिल्ली में मंगलवार को संघ लोक सेवा आयोग की बैठक में अगले डीजीपी को लेकर तीन अधिकारियों का पैनल तय कर दिया था। नए डीजीपी की रेस में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात आइपीएस मुकुल गोयल सबसे आगे थे। गोयल केंद्र में बीएसएफ में एडीजी हैं। इनके अलावा इसी बैच के आइपीएस तथा वर्तमान में डीजी ईओडब्ल्यू डा. आरपी सिंह का भी नाम शामिल था। दोनों अफसरों ने मंगलवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी की थी।

– शामली के रहने वाले हैं मुकुल गोयल
सीनियर आइपीएस मुकुल गोयल मूल रूप से शामली के रहने वाले हैं। अब उनका आवास मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित भरतिया कॉलोनी में है। वहां उनकी मां रहती हैं।मुकुल गोयल का जन्म शामली स्थित मोहल्ला डुब्बू दरवाजा स्थित घर में हुआ। अब इस घर में उनकी बुआ मीनू रहती हैं। बाद में इस मोहल्ले का नाम लाजपतराय और वर्तमान में शिवमूर्ति है। मुकुल की प्राथमिक शिक्षा शहर के ही वैश्य मांटेसरी स्कूल में हुई। वर्तमान में इसका नाम वीवी इंटर कालेज शामली है। इसके बाद वह अपने पिता महेंद्र कुमार गोयल के पास धनबाद चले गए जो माइनिंग इंजीनियर थे।

– खड़गपुर से की आइआइटी की पढ़ाई
आइपीएस मुकुल गोयल की मां हेमलता का मायका मुजफ्फरनगर की द्वारिकापुरी मोहल्ला में है। बीस वर्ष पूर्व मुकुल ने मुजफ्फरनगर की भरतिया कालोनी में घर बनाया जिसमें उनके माता-पिता रहते थे। उनके पिता का छह वर्ष पूर्व निधन हो गया। माता हेमलता ने बताया कि आठ माह पूर्व वह भरतिया कॉलोनी आए थे। इन दिनों मुकुल परिवार समेत दिल्ली स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। मुकुल ने आइआइटी की पढ़ाई खड़गपुर से की और वर्ष 1987 में वह भारतीय पुलिस सेवा में आए। मुकुल गोयल मेरठ में कप्तान और डीआइजी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। पांच मई, 2002 से 24 सितंबर, 2003 तक वे मेरठ के एसएसपी रहे। प्रमोट होकर यहीं डीआइजी बने। छह महीने बाद उनका तबादला हो गया था।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
