- ( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश ब्यूरों )
इटावा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने जा रही है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह किसके चेहरे पर चुनाव लड़ रही है। पूरे कार्यकाल में सीएम योगी चुनाव से पूर्व किए गए किसी वायदे को पूरा नहीं कर पाए। जनता भाजपा से यह जानना चाहती है कि पिछले संकल्प पत्र में उन्होंने जो वायदे किए थे उनको पूरा क्यों नहीं किया। वह शनिवार को सैफई में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा को यह बताना होगा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए क्या किया। किसानों, बेरोजगारों, शिक्षित युवाओं, नौकरी पेशा लोगों के लिए क्या किया। पूरे पांच साल समाज का हर वर्ग प्रताड़ित रहा। पेट्रोल डीजल महंगा हुआ है। भाजपा को बढ़ती हुई महंगाई पर जवाब देना चाहिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के बारे में कहा कि जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में जनता ने भाजपा को नकार दिया है। इनके सदस्य नहीं जीते जिसके परिणाम सभी के सामने हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही है। जिलों के कप्तान और जिलाधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं।

बता दें कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव अपने भाई की पौत्री दीपाली की शादी समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार को अपने बेटे अखिलेश यादव के साथ सैफई पहुंचे। रविवार को होने वाले विवाह समारोह में जहां सपा का पूरा कुनबा आ गया है वहीं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के भी परिवार के साथ पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

सैफई महोत्सव के संस्थापक स्वर्गीय रणवीर सिंह यादव की बेटी और पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की बहन दीपाली का रविवार को विवाह है। इसमें शामिल होने के लिए शनिवार दोपहर बाद हवाई जहाज से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव सैफई हवाई पट्टी पहुंचे। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी पहुंच गए।

पूर्व सांसद डिंपल यादव बच्चों के साथ एक दिन पहले ही आ गई थीं। परिवार के लोगों से मिलने के बाद मुलायम सिंह इटावा शहर स्थिति आवास पर पहुंच गए थे। शनिवार को क्षेत्र के लोगों के लिए भोज का आयोजन किया गया। भोज में आए लोगों की शिवपाल सिंह यादव ने अगवानी की। रविवार को सुबह 11 बजे से शादी की रस्में शुरू हो जाएंगी।

कोविड प्रोटोकाल के चलते सीमित संख्या में लोगों को आमंत्रित किया गया है। शादी में तेज प्रताप के ससुर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, सास राबड़ी देवी, साले तेजस्वी यादव और तेज प्रताप के भी शामिल होने की भी उम्मीद जताई जा रही है।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
