
- शरद मिश्रा
बांदा। बारिश ने सिस्टम की तैयारियों की ऐसी पोल खोली कि जलनिकासी के लिए सड़क ही खोदकर नाला बना देना पड़ा। अतर्रा तहसील के चौसड़ गांव में सोमवार को जेसीबी से करीब 12 फीट मुख्य संपर्क मार्ग काट दिया गया। पानी तो निकल गया, लेकिन सड़क के साथ ग्रामीणों की राह भी कट गई। अब जहां सड़क हुआ करती थी, वहां बल्ली-पटरे के सहारे लोग जान जोखिम में डालकर रास्ता पार कर रहे हैं। जेसीबी से ओरन-अतर्रा मुख्य संपर्क मार्ग को काटकर जलनिकासी का रास्ता बनाया गया। खेतों और घरों में भरा पानी निकलने लगा, लेकिन जिस सड़क से रोजाना ग्रामीण, स्कूली बच्चे, मरीज और वाहन गुजरते थे, वहां अब बल्ली और पटरे के सहारे रास्ता पार करना पड़ रहा है।

लोग जान जोखिम में डालकर मंगलवार को इस अस्थायी रास्ते से निकलते दिखाई दिए। बारिश ने जिले के कई ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। सरकारी कार्यालय तक पानी से अछूते नहीं रहे। हालांकि केन और यमुना नदी का जलस्तर घटने से कुछ राहत मिली है, लेकिन लगातार बारिश ने प्रशासन के सामने जलनिकासी की चुनौती बढ़ा दी है। सोमवार रात से मंगलवार तक जिले में 47 मिमी बारिश दर्ज की गई। एसडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि जलभराव की समस्या के चलते मार्ग को काटा गया है। जल्द ही पाइप डालकर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।

फिलहाल चौसड़ में हालात यह सवाल जरूर छोड़ रहे हैं कि जलनिकासी के लिए सड़क काटना मजबूरी थी या पहले से बेहतर तैयारी होती तो इस नौबत से बचा जा सकता था? सबसे बड़ा सवाल यह है कि बारिश से पहले जलनिकासी की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? ग्रामीणों का कहना है कि नालियों और नालों की समय रहते सफाई करा दी जाती और पानी निकासी का वैकल्पिक इंतजाम होता तो मुख्य सड़क काटने की नौबत नहीं आती। सड़क टूटने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
