
- विनोद मिश्रा
बांदा। बुंदेलखंड के प्रवेश द्वार चित्रकूटधाम-बांदा रेलखंड पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुविधाएं उसी अनुपात में नहीं बढ़ पाई हैं। मंडल मुख्यालय होने के कारण बांदा से रोजाना हजारों छात्र,व्यापारी, मरीज और नौकरीपेशा लोग कानपुर, झांसी, लखनऊ सहित देश के बड़े शहरों की यात्रा करते हैं। हाल ही में प्रयागराज बांदा होकर नागपुर और बेंगलुरु के लिए साप्ताहिक ट्रेन शुरू होने से दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी जरूर बेहतर हुई है, लेकिन लोकल और प्रमुख रूटों पर अब भी यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सबसे बड़ी जरूरत बांदा से कानपुर के लिए सुबह 10-11 बजे एक नई पैसेंजर/इंटरसिटी ट्रेन की है, ताकि छात्र और दफ्तर जाने वालों को राहत मिल सके। सुबह 7 बजे वाली मेमू ट्रेन में भीड़ इतनी होती है कि पैर रखने की जगह नहीं मिलती। इसमें अतिरिक्त जनरल कोच लगाने की मांग है। जबलपुर-लखनऊ चित्रकूट एक्सप्रेस में भी जनरल और स्लीपर कोच बढ़ाकर वेटिंग कम करने की जरूरत है। कानपुर-बांदा इंटरसिटी और कानपुर-झांसी पैसेंजर में एसी चेयरकार कोच जोड़े जाने चाहिए।
कानपुर रूट पर 6, झांसी पर 9 और मानिकपुर पर 5 स्टेशनों पर डबल लाइन का काम पूरा हो चुका है। बावजूद इसके यात्रा समय नहीं घटा है। यात्रियों का कहना है कि टाइम-टेबल पुनर्निर्धारित कर बांदा-कानपुर और बांदा-झांसी का सफर कम से कम 1 घंटा कम किया जाए। सुबह-शाम की पैसेंजर ट्रेनों की पंक्चुअलिटी सुनिश्चित करने और कानपुर से 4:20 बजे चलने वाली पैसेंजर को 5:30 बजे करने की मांग भी उठ रही है, ताकि बांदा रात 8 बजे पहुंचे और व्यापारियों-कर्मचारियों को सुविधा हो।
बांदा से हावड़ा, मुंबई और चेन्नई के लिए कम से कम एक-एक दैनिक ट्रेन चलाने, ‘0’ नंबर वाली स्पेशल ट्रेनों को नियमित कर सामान्य किराया लागू करने की जरूरत भी महसूस की जा रही है। बढ़ते यात्रीभार के हिसाब से स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम और साफ-सफाई पर ध्यान देने की मांग है।
रेलवे विशेषज्ञों का मानना है कि डबल लाइन का पूरा लाभ तभी मिलेगा जब समय-सारिणी में बदलाव और कोचों की संख्या बढ़ाई जाए। इससे न सिर्फ यात्रियों को सुविधा होगी बल्कि बुंदेलखंड में व्यापार, शिक्षा और चित्रकूट के धार्मिक पर्यटन को भी गति मिलेगी। यात्रियों की मांग है कि रेल मंत्रालय जनहित को देखते हुए बांदा रेलखंड को प्राथमिकता दे और इन समस्याओं का जल्द समाधान करे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
