
- विनोद मिश्रा
बांदा। बुंदेलखंड में मादक पदार्थों के नेटवर्क पर बांदा पुलिस ने करारा प्रहार किया है। जिले में एक ट्रक से 8 क्विंटल 1 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर लिया, जिसकी बाजार कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से फतेहपुर निवासी ट्रक ड्राइवर चंदन पुत्र मुन्नू लाल को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य सरगना बबेरू निवासी अंजनी तिवारी समेत अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

मटौंध थाना पुलिस और एसओजी टीम ने यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर गोयरा मुगली मोड़ के पास की, जहां एक संदिग्ध ट्रक को घेराबंदी कर रोका गया। ट्रक की तलाशी में ऊपर से नारियल की रस्सियों के नीचे छिपाकर रखा गया सैकड़ों किलो सूखा गांजा बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार ड्राइवर चंदन ने खुलासा किया कि यह गांजा उड़ीसा से लोड हुआ था। उसे बबेरू के अंजनी तिवारी ने महोबा तक खेप पहुंचाने का आदेश दिया था।

अंजनी ने उड़ीसा में कुछ अज्ञात व्यक्तियों के माध्यम से ट्रक में गांजा भरवाया और ऊपर रस्सियां रखवा दीं, ताकि किसी को शक न हो। ड्राइवर के मुताबिक, अंजनी ने इस काम के बदले उसे 3 लाख रुपये देने का वादा किया था, और महोबा में गांजा उतारने का स्थान फोन पर बताने की बात कही थी। ड्राइवर चंदन ने कबूल किया कि उसने और उसके साथी कंडक्टर रईस (कानपुर निवासी) ने खुद के लिए भी 50-50 किलो गांजा अलग से रख लिया था। हालांकि रास्ते में रईस सासाराम (बिहार) में ट्रक से उतरकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, 701 किलो गांजा अंजनी तिवारी का और 100 किलो ड्राइवर-कंडक्टर का था।

फिलहाल पुलिस अंजनी तिवारी, रईस और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स झांसी प्रभारी चंदन पांडेय ने बताया कि यह नेटवर्क उड़ीसा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार तक फैला हुआ है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि अंजनी तिवारी किन एजेंटों और वाहनों के जरिए इस बड़े मादक पदार्थ तस्करी रैकेट को संचालित करता था। गौरतलब है कि अंजनी तिवारी को 2023 में थाना जेवर की पुलिस ने भी 7 क्विंटल सूखे गांजे के साथ गिरफ्तार किया था, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद उसने फिर वही कारोबार शुरू कर दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि “यह अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी है। पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता से यह कार्रवाई की। जिले में किसी भी कीमत पर नशे का अवैध कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा।” उन्होंने यह भी बताया कि एसओजी और मटौंध थाना टीम को प्रशस्ति पत्र और इनाम देने की संस्तुति की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गिरफ्तारी के बाद बुंदेलखंड में सक्रिय नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह के जरिए कई पुराने और बड़े नशा नेटवर्क की कड़ियां भी सामने आएंगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
