लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का अखाड़ा बेहद ही रोमांचक हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर के सदर तथा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के प्रयागराज के सिराथू से चुनाव लड़ने के एलान के बाद समाजवादी पार्टी ने भी अखिलेश यादव का चुनावी अखाड़ा तय कर दिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष पार्टी की परंपरागत सीट मैनपुरी के करहल से चुनाव लड़ेंगे।

समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने अखिलेश यादव के करहल से चुनाव लड़ने की पुष्टि की। इससे पहले लखनऊ में बुधवार को ही अखिलेश यादव ने इसका संकेत दिया था। उन्होंने कहा था कि हम तो सीएम योगी आदित्यनाथ से पहले चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश यादव के चुनाव का प्रभारी मैनपुरी से सांसद रहे तेज प्रताप यादव को बनाया गया है। मैनपुरी से ही मुलायम सिंह यादव सांसद हैं। यहां पर 20 फरवरी को मतदान होगा।

आजमगढ़ से लोकसभा सदस्य अखिलेश यादव मैनपुरी के करहल से विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने इसका एलान कर दिया है। कयास लगाए जा रहे थे कि अखिलेश यादव आजमगढ़ की किसी सीट या फिर बदायूं के गुन्नौर से चुनावी मैदान में आएंगे, लेकिन उनको पार्टी ने पैतृक सीट से मैदान में उतार दिया है। इस सीट पर समाजवादी पार्टी पिछले 30 वर्ष से चुनाव नहीं हारी है। 2017 के चुनाव में मोदी-योगी की लहर के बावजूद यहां सपा प्रत्याशी सोबरन सिंह को 50 फीसदी वोट मिले थे। आधिकारिक तौर पर पार्टी ने इसकी घोषणा नहीं की है।मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के जिला संगठन ने लिखित रूप में गुरुवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव को करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव सौंपा था। करहल के सपा विधायक सोबरन सिंह यादव और एमएलसी अरविंद प्रताप सिंह गुरुवार सुबह लखनऊ पहुंचे। उनकी पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात हुई। मुलाकात में सभी ने अखिलेश यादव से अनुरोध किया कि वह करहल विधानसभा से चुनाव लड़ें। जिलाध्यक्ष के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया था।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
