( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश ब्यूरों )
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश से अनुप्रिया पटेल व कौशल किशोर सहित पांच नेता मोदी कैबिनेट में यूपी से मंत्री बने हैं। मोदी कैबिनेट में यूपी से अनुप्रिया पटेल, कौशल किशोर, बीएल वर्मा, एसपी सिंह बघेल, पंकज चौधरी, भानु प्रताप वर्मा और अजय मिश्रा शामिल किए गए हैं।

– सांसद कौशल किशोर ने ली राज्यमंत्री की शपथ
लखनऊ के कालीचरण डिग्री कॉलेज से छात्र राजनीति की शुरुआत करने वाले भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद कौशल किशोर मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। बुधवार को हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में सांसद कौशल किशोर ने राज्यमंत्री की शपथ ली।

– मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने ली मंत्री पद की शपथ
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की सांसद व अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में मंत्री बनीं हैं। बुधवार को उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री पद का शपथ ग्रहण किया। इससे पहले मिर्जापुर की सांसद 2014 में भी मोदी कैबिनेट में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री रह चुकी हैं। 2019 में जब फिर से मोदी सरकार बनी तो उन्हें कैबिनेट में जगह नहीं मिली थी। अब मोदी सरकार 2.0 के पहले कैबिनेट विस्तार में अनुप्रिया पटेल को केंद्रीय मंत्री बनाया गया है।

– महराजगंज सांसद पंकज चौधरी पीएम मोदी की टीम में हुए शामिल
महराजगंज से भाजपा सांसद पंकज चौधरी को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया गया है। पंकज को पार्टी नेतृत्व से मंगलवार को ही बुलावा आ गया था। पंकज ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। बता दें कि पंकज ने लोकसभा का चुनाव छठवीं बार जीता है। पीएम मोदी की पहली कैबिनेट विस्तार सूची में पंकज चौधरी का नाम आया है। देर शाम उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री पद की शपथ ली।

– आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल बने केंद्रीय राज्यमंत्री
आगरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल (सत्य पाल सिंह बघेल) केंद्र सरकार में मंत्री बन गए हैं। उन्होंने बुधवार शाम को राज्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण ली। केंद्रीय कैबिनेट में राज्यमंत्री बनाए जाने के बाद समर्थक और भाजपाई उनको सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे हैं।

– जालौन के भानु प्रताप को मिली जगह, पांच बार रहे सांसद अब मंत्रिमंडल में शामिल
जालौन-गरौठा-भोगनीपुर संसदीय सीट से पांचवीं बार सांसद चुने गए भानु प्रताप वर्मा को मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। मंत्रिमंडल में शामिल होने पर पूरे जनपद में खुशी की लहर व्याप्त है। लोगों को विश्वास है कि भानु बुंदेलखंड से अकेले मंत्री हैं। इस कारण जनपद जालौन को ही नहीं पूरे क्षेत्र के विकास को रफ्तार मिलेगी। पालिका सभासद से केंद्रीय मंत्रिमंडल तक के सफर को तय करने वाले भानु की छवि साफ सुथरी है। भानु के राजनैतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1988 से हुई थी।

– लखीमपुर खीरी से सांसद अजय मिश्र टेनी ने ली शपथ
लखीमपुर खीरी से सांसद अजय मिश्र टेनी मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। उन्हें केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया है। अजय मिश्र ने भी आज शाम छह बजे दिल्ली में हुए कार्यक्रम में शपथ ली। वह दो दिन से दिल्ली में ही थे। मालूम हो कि सांसद अजय मिश्र टेनी लगातार दूसरी बार खीरी संसदीय सीट से लोकसभा सांसद बने हैं।

– राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा ने ली शपथ
राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा भी मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। बदायूं के उझानी ब्लाक के ज्योरा पारवाला गांव के रहने वाले बीएल वर्मा 1980 में आरएसएस के खंड कार्यवाह रहे थे। बीएल वर्मा को पिछले साल ही भाजपा ने राज्यसभा का टिकट देकर संसद भेजा था। बुधवार शाम को उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली।

– मंत्रिमंडल विस्तार पर क्षेत्रीय नेताओं में बढ़ी रार
वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार पर क्षेत्रीय नेताओं में रार बढ़ गई है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने मोदी कैबिनेट में अपना दल की अनुप्रिया पटेल को जगह देने की संभावना पर कहा कि जब अनुप्रिया पटेल को मंत्री बनाया जा सकता है तो प्रवीण निषाद को क्यों नही ? सजय निषाद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 2018 में गोरखपुर में प्रवीण निषाद ने योगी आदित्यनाथ को हराया था। (उपचुनाव में प्रवीण निषाद ने सपा उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी) इसके बाद हम भाजपा के साथ आए जिससे भाजपा 40 सीटें जीतने में कामयाब रही। पंचायत चुनाव में हमने 160 सीटें जीती। जब अनुप्रिया पटेल को कैबिनेट में जगह मिल सकती है तो प्रवीण निषाद को भी मंत्री बनाया जाना चाहिए।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
