( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश ब्यूरो )
महोबा। कबरई क्रशर कारोबारी की मौत और भ्रष्टाचार प्रकरण में आरोपित फरार आइपीएस अफसर मणिलाल पाटीदार पर अब एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। इनामी राशि बढ़ाने की संस्तुति करते हुए चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के आइजी ने कुछ दिन पहले एडीजी जोन प्रयागराज को पत्र भेजा था। शुक्रवार को उन्होंने इसकी स्वीकृति दे दी।

उधर, आरोपित की तलाश के लिए चार टीमें राजस्थान समेत दूसरे प्रांतों में डेरा डाले हैं। फिलहाल, वह अभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। कोर्ट के सख्त रुख के बाद आरोपित की खोज तेज हुई है।

क्रशर कारोबारी इंद्रकांत मौत प्रकरण में आरोपित फरार आइपीएस मणिलाल पर सबसे पहले 25 हजार का इनाम घोषित हुआ था। इसके बाद इनामी राशि 50 हजार रुपये कर दी गई थी। मई के अंतिम सप्ताह में आइजी चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के. सत्यनारायण, मामले की जांच कर रहे प्रयागराज के एसपी अपराध आशुतोष मिश्र ने आरोपित निलंबित व फरार आइपीएस पर इनाम की राशि एक लाख करने संबंधी पत्र भेजा था। एडीजी जोन प्रयागराज प्रेम प्रकाश ने बताया कि आरोपित पर एक लाख रुपये का इनाम करने को स्वीकृति दे दी है। वहीं, जांच अधिकारी ने बताया, आरोपित की तलाश में चार टीमें अलग-अलग प्रांतों में हैं। डिटेल में जानकारी सुरक्षा कारणों से नहीं दी जा सकती। प्रयागराज की भी एक पुलिस टीम लगाई गई है। महोबा की तीन टीमें पहले से ही उसे तलाश रहीं हैं।

आरोपित आइपीएस अफसर मूलरूप से राजस्थान के जिला डूंगरपुर थाना सरौंदा गांव संगवारा निवासी है। इसीलिए दो टीमें राजस्थान में डेरा डाले हैं। फिलहाल, कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लग सका है। आरोपित के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की अनुमति के लिए कोर्ट में चार बार पत्र दिया जा चुका है।

कबरई के दिवंगत क्रशर कारोबारी इंद्रकांत ने सात सितंबर को तत्कालीन एसपी मणिलाल पाटीदार और कबरई के तत्कालीन एसओ देवेंद्र शुक्ला पर वसूली का आरोप लगाया था। उनसे अपनी जान को खतरा बताते हुए ऑडियो व वीडियो वायरल किया था। मामले में मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भी भेजे थे। आठ सितंबर को इंद्रकांत गोली लगने से अपनी गाड़ी में घायल मिले थे। 13 सितंबर को कानपुर स्थित अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। उनके भाई रविकांत त्रिपाठी ने तत्कालीन एसपी व एसओ सहित चार लोगों के खिलाफ कबरई थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया था।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
