

- विनोद मिश्रा
चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को चित्रकूट की धरती से सपा को आड़े हाथों लिया। सीआईसी परिसर की जनसभा में सीएम ने कहा कि सपा सरकार में चित्रकूट उपेक्षित था क्योंकि उनकी प्राथमिकता “विकास” नहीं, “ठेका-पट्टा और कब्जा” थी।
950 करोड़ की124 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करने के बाद सीएम ने कहा की 2017 के बाद जिस रफ्तार से चित्रकूट बदला है, वह पहले भी हो सकता था। लेकिन सपा को ठेके-पट्टे से फुर्सत नहीं थी। ये लोग जमीनों पर कब्जा करते रहे। इनकी न कोई सोच है,न कोई विजन।”
योगी ने सपा की राजनीति पर सीधा हमला करते हुए कहा यह डॉ. लोहिया के नाम पर सत्ता में आते हैं और ‘चलाते हैं परिवारवाद-वंशवाद। समाजवादी राम से दूरी बनाते हैं और बाबर को अपना आदर्श मानते हैं। सीएम ने पुराने चित्रकूट और नए चित्रकूट का फर्क गिनाया। सपा के समय डकैतों के डर से यहां कोई नहीं आता था। वाल्मीकि आश्रम और तुलसी की जन्मस्थली राजापुर बर्बाद पड़ी थी। आज वही चित्रकूट बदल रहा है। धार्मिक स्थलों का कायाकल्प हुआ है। यहां डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है। पीएम मोदी ने इंडोनेशिया में कहा कि यूपी में बनी ब्रह्मोस अब निर्यात होगी। आने वाले समय में चित्रकूट शस्त्र और शास्त्र दोनों का केंद्र बनेगा।
योगी ने 2022 विधानसभा और 2024 लोकसभा में चित्रकूट से मिली हार का जिक्र करते हुए कहा की अगर यहां डबल इंजन की सरकार के साथ डबल इंजन का विधायक-सांसद होता, तो विकास की रफ्तार दोगुनी होती। कोई व्यवधान नहीं होता। लेकिन फिर भी हम ‘काम’ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ बैठकर धार्मिक स्थलों के विकास पर अलग से समीक्षा करेंगे। सीएम ने सपा पर सबसे बड़ा आरोप लगाते हुए कहा “पहले गरीबों की योजनाओं के पैसे में सपाई डकैती डालते थे। अब डबल इंजन में एक-एक रुपया गरीब तक पहुंच रहा है।” जो लोग जाति-भाषा-क्षेत्र के नाम पर समाज को बांट रहे हैं, वो देश के सबसे बड़े दुश्मन हैं। 2027 से पहले सीएम ने चित्रकूट को हिंदुत्व, विकास औऱ राष्ट्रवाद के मुद्दे पर साधने की कोशिश की। साथ ही सपा को “राम विरोधी और लुटेरी” बताकर चुनावी जमीन तैयार की।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
