( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश ब्यूरो )
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। नए संक्रमित मरीजों का रिकार्ड तो पहले ही टूट चुका था। शनिवार को हुई मौतों ने कोरोना की दस्तक से लेकर अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा छू लिया। लखनऊ में सर्वाधिक 36 के साथ पूरे प्रदेश में चौबीस घंटे में 120 मरीजों की जान कोरोना संक्रमण ने ले ली। दूसरी लहर के कहर का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि अब एक दिन में संक्रमितों की संख्या 25-27 हजार से नीचे ही नहीं आ रही।

सबसे बड़ी आबादी वाले उत्तर प्रदेश ने कोरोना महामारी के बीते एक वर्ष में खुद को काफी संभाला, लेकिन इस बार हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। सरकार ने नाइट कफ्यूZ और साप्ताहिक बंदी जैसे कदम उठाए हैं। मास्क पर जुर्माने की सख्ती बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार हालात की समीक्षा कर रहे हैं। इसके बावजूद न तो संक्रमण की रफ्तार नियंत्रण में आ रही है और न ही मौत का झपट्टा कमजोर हो रहा। बीते चौबीस घंटे में प्रदेश भर में 27357 नए कोरोना पॉजिटिव रोगी मिले। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या 170059 पर पहुंच गई। अधिक संक्रमण और मौत के मामले में राजधानी लखनऊ सबसे आगे है।

यहां सर्वाधिक 5913 मरीज पाए गए। यहां हुई 36 मौतों के साथ प्रदेश में चौबीस घंटे में कुल मौत का आंकड़ा 120 पहुंच गया। कानपुर नगर की स्थिति भी बहुत खराब है। वहां भी एक दिन में 15 संक्रमित मरीजों की जान चली गई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 15 सितंबर, 2020 को 113 मरीजों की मौत एक दिन में हुई थी। वही अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा था। अब यह रिकार्ड टूट चुका है।

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते चौबीस घंटे में 215790 मरीजों के नमूनों की जांच की गई। अब तक कुल 38029865 लाेगों की जांच की जा चुकी है। अब एक्टिव केस कुल 170059 हैं। इनमें 86959 मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 7831 को एक दिन में अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। इसी तरह टीकाकरण भी तेजी से चल रहा है। अब तक 8997344 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई। पहली डोज लेने वालों में से 1564777 लोगों को दूसरी डोज दी चुकी है। कुल 10562121 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।

कोरोना मीटर
चौबीस घंटे में नए केस- 27357
मौत- 120
डिस्चार्ज- 7831
अवनीश अवस्थी ने किया निरीक्षण : लखनऊ में अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने अस्पतालों का निरीक्षण किया है। उन्होंने इंटीग्रल, एरा व टीएस मिश्रा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उनके साथ प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा व लखनऊ के पुलिस कमिश्नर भी थे। उन्होंने टीम के साथ मेडिकल कॉलेजों की निरीक्षण कर व्यवस्था देखी।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
