– विनोद मिश्रा
बांदा । सरकार द्वारा टीबी मरीजों के हित में लागू की गई निक्षय पोषण योजना संजीवनी साबित हो रही है। इसकी बानगी शहर के शंभू नगर निवासी 16 वर्षीय दिनेश कुमार (काल्पनिक नाम) हैं। लगभग डेढ़ साल पहले वह एमडीआर टीबी ग्रस्त हो गया था। निश्शुल्क दवा के साथ उसके खाते में प्रतिमाह 500 रुपये भी मिल रहे हैं। जिससे वह फल व पोषणयुक्त भोजन ले रहा है। गरीबी में यह आर्थिक मदद किसी वरदान से कम नहीं है।

दिनेश बताता है कि वह मूलरूप से हमीरपुर जनपद का रहने वाला है। यहां किराए पर रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा है। लगभग डेढ़ साल पहले वह खांसी व बुखार से परेशान था। दिसंबर 2019 में उसने जांच करवाई तो वह टीबी का पता चला। पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं, बमुश्किल उसकी फीस दे पाते हैं। टीबी अस्पताल में कार्यरत मोहम्मद अशरफ ने उसे निश्शुल्क दवा के साथ निक्षय पोषण योजना के बारे में बताया। अब उसकी सेहत में बहुत सुधार है।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.एमसी पाल ने बताया कि भारत सरकार 2025 तक हर हाल में देश से टीबी का उन्मूलन चाहती है। इसी को लेकर कई योजनाएं टीबी के मरीजों के हित में चलाई जा रही हैं। नए मरीज का इलाज शुरू होने पर पहली किस्त के रूप में एक हजार रुपये दिए जाते हैं। तीसरे माह से 500 रुपये प्रतिमाह इलाज पूर्ण होने तक प्रोत्साहन राशि दी जाती है। जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रदीप वर्मा ने बताया कि मौजूदा समय में जनपद में टीबी के 2320 मरीज पंजीकृत हैं। जबकि निक्षय पोषण योजना का लाभ 2637 मरीजों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि लाभ लेने वालों में वह मरीज भी शामिल हैं जो बाहर जनपदों के हैं, लेकिन यहां रह रहे हैं।

जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि जिला अस्पताल, मेडिकल कालेज सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा, नरैनी व बबेरू में मरीजों को जांच के साथ एक्स-रे की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा जिला टीबी अस्पताल में सीबीनाट से दो घंटे में चार रिपोर्ट ली जा रही है। जो कि बहुत ही कारगर साबित हो रही है।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )




![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
