![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/09/WhatsApp-Image-2024-09-07-at-6.52.59-PM-263x300.jpeg)
- शरद मिश्रा
चित्रकूट। चित्रकूट को धार्मिक और पर्यटन के क्षेत्र में एक नया मुकाम दिलाने के लिए योगी सरकार के साथ मध्यप्रदेश की मोहन सरकार ने 750 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक विकास प्रोजेक्ट तैयार किया है। इस प्रोजेक्ट में “रामायण एक्सपीरियंस पार्क” जैसी अनोखी परियोजना के साथ, श्रीराम की 151 फीट ऊंची मूर्ति के अलावा कई अन्य विकास कार्यों की योजना है, जो इस क्षेत्र को एक विश्व स्तरीय धार्मिक और पर्यटन स्थल बनाने में मदद करेगा। यह परियोजना चित्रकूट की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन धरोहर को एक नई दिशा देने का प्रयास करेगी और यहां आने वाले पर्यटकों के लिए एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगी।

इस परियोजना के तहत राजोला गांव में 80 एकड़ में रामायण एक्सपीरियंस पार्क का निर्माण होगा, जिस पर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पार्क में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की विशाल मूर्तियों के साथ-साथ रामायण काल से जुड़े स्थलों के मॉडल, 5डी और 3डी होलोग्राम शो, और लाइट-साउंड शो भी होंगे। इसके अलावा, पार्क में आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ संतों के लिए एक अध्यात्म-ध्यान केंद्र भी बनाया जाएगा, जिसमें एक हजार संतों के ठहरने की व्यवस्था होगी।

प्रोजेक्ट में शहर के विकास के लिए मल्टी फैसिलिटी सेंटर, ट्रैफिक कमांड सेंटर, नई सड़कें और मंदाकिनी नदी पर अतिरिक्त ब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा। साथ ही, रामायण से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों जैसे मोकमगढ़ किला, सती अनुसइया आश्रम, गुप्त गोदावरी, जानकी कुंड, कामदगिरि परिक्रमा, स्फटिक शिला और हनुमान धारा का विकास किया जाएगा।

सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा ने कहा कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य चित्रकूट को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। यह परियोजना न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे स्थानीय पर्यटन, रोजगार और आर्थिक विकास में भी अहम योगदान मिलेगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
