- विनोद मिश्रा
बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के भाथा गांव निवासी एक ही परिवार के पांच लोग चार फरवरी से संदिग्ध हालात में गायब हैं। स्वजन हर जगह तलाश कर थक चुके हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इधर, गांव के ही पारिवारिक भतीजे पर धमकी देने का आरोप लगाया गया था। उसके भी घर में ताला बंद कर फरार होने के बाद शक गहराने पर मंगलवार को जसपुरा थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तलाश की जा रही है, गुमशुदगी शहर कोतवाली में दर्ज कराई जा चुकी है।

भाथा गांव निवासी कमलेश ने बताया कि उसकी भाभी 35 वर्षीय गीता देवी पत्नी दिनेश कुमार चार फरवरी को अपने मायके कटनी मध्यप्रदेश से तारीख करने बांदा आई थी। उसी दिन से वह अपनी बेटी 15 साल की खुशबू, बेटे 13 वर्षीय चीका और 11 साल के राजा व नौ वर्षीय कृष्णा के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। उसके बाद वह लोग लौटे नहीं हैं। काफी खोजबीन के बाद शहर कोतवाली में पांचों लोगों की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कहीं पता नहीं चलने पर एसपी कार्यालय में भी गुहार लगाई थी, लेकिन आज तक पता नहीं चला है। उसके भाई दिनेश और वह अन्य स्वजन के साथ परेशान हैं।

– जेल से आने के बाद दी गई थी धमकी
कमलेश ने थाना पुलिस को बताया कि गांव के ही पारिवारिक चचेरा भतीजा उनसे रंजिश मानता है। दो माह पहले जेल से छूटकर आने के बाद उसने घर पर चढ़कर गाली-गलौज की थी। गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। कहा था कि पूरे परिवार का नामों-निशान खत्म कर देगा। लापता होने के बाद से भाभी का मोबाइल बंद बता रहा है।
कमलेश बताता है कि हर जगह चक्कर मारने के बाद भी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उसने पारिवारिक भतीजे और उसके पिता के खिलाफ जसपुरा थाने में तहरीर देते हुए बताया कि अब वह दोनों घर में ताला बंद कर फरार हो गए हैं। इधर, जसपुरा थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि लापता लोगों की तलाश की जा रही है। बांदा शहर कोतवाली पुलिस छानबीन कर रही है। गुमशुदगी वहीं दर्ज कराई गई थी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
