
- विनोद मिश्रा
चित्रकूट। मंदाकनी नदी में चित्रकूट ‘डूबा नहीं है, डुबोया’ गया है ! मंदाकिनी उफनी नहीं है, उसे ‘उफनने पर मजबूर’ किया गया है ! जिस नदी की ‘चौड़ाई’ सरकारी बस्ते में आज भी 160 मीटर ‘दर्ज’ है, उसे मौके पर 40 मीटर की ‘नाली’ बना दिया गया है, तो पानी रामघाट सहित आपके अतिक्रमण स्थलों तक ‘हलचल’ तो ‘मचायेगा’ ही।
यह बाढ़ नहीं है, यह हिसाब है। प्रकृति का नहीं, प्रशासन की नाकामी का हिसाब ! राजस्व रिकॉर्ड कहता है मंदाकिनी 160 मीटर चौड़ी है। विधानसभा में सरकार ने खुद माना है कि अतिक्रमण चिह्नित हुए, नाप-जोख हुई, सीमांकन रिपोर्ट बनी, पंचनामा हुआ। ‘यानी फाइल पूरी है। फाइल में नदी मुक्त भी हो’ गई।
लेकिन जमीन पर उसी चिह्नित अतिक्रमण पर तीन मंजिला होटल खड़ा है, उसी सीमांकन वाली जगह पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की नींव खुद रही है। नदी का ‘दोष’ क्या है ? उसने तो सिर्फ अपना ‘पुराना रास्ता याद’ किया है। वह तो ‘अपने घर लौटी है, पर घर पर तो किसी और का कब्जा’ था।
इस बार अच्छी बात यह हुई कि जिला प्रशासन ने भी बारिश को अकेले ‘बदनाम नहीं’ किया। उसने भी माना कि अतिक्रमण और अवैध निर्माण बाढ़ की ‘भयावहता’ का कारण है। यानी अब तो ‘चोर ने भी मान लिया कि चोरी’ हुई है ! अब सवाल है कि ‘सजा’ कौन देगा ?
हर साल वही स्क्रिप्ट है की बादल गरजे, नदी बढ़ी, घर डूबे, नेता आए, हवाई सर्वे हुआ, खिचड़ी बटी और फिर सब भूल गए। जब तक पानी गले तक नहीं आता, तब तक फाइल गले तक नहीं आती ! याद रखिए, मंदाकिनी कोई साधारण नदी नहीं है। यह ‘चित्रकूट’ की ‘आत्मा’ है। अगर ‘आत्मा ही सिकुड़’ जाएगी, तो शरीर यानी ‘चित्रकूट कैसे’ बचेगा ?
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
