
- विनोद मिश्रा
बांदा। बुंदेलखंड में “होली का उत्सव समाप्त” होते ही “गर्मी ने अपना तेवर” दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को बांदा जिले में तापमान अचानक बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तेज धूप और बढ़ती तपिश से लोगों को दिन में ही गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार यह तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया, जिससे गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है।

शुक्रवार सुबह से ही आसमान पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप खिली रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, सूरज की तपिश भी बढ़ती चली गई। दोपहर तक हालात ऐसे हो गए कि लोगों के पसीने छूटने लगे और कई घरों में कूलर और एसी तक चलने लगे। बाजारों और सड़कों पर भी दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कुछ कम दिखाई दी।

मौसम विभाग के अनुसार बांदा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 5.2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। तापमान में आई इस तेजी से लोगों को मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक दिनेश साहा का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण गर्मी का असर लगातार बढ़ेगा। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले सप्ताह में तापमान और ऊपर जा सकता है।

बुंदेलखंड के अन्य जिलों की बात करें तो झांसी में अधिकतम तापमान 35.4 और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हमीरपुर में अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि उरई में अधिकतम 33.2 और न्यूनतम 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। ऐसे में बुंदेलखंड क्षेत्र में आने वाले दिनों में गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
