- विनोद मिश्रा
बांदा। गहबरा से बांदा आ रही सवारियों से भरी प्राइवेट बस हमीरपुर के मौदहा क्षेत्र में अगला टायर पंचर होने से अनियंत्रित होकर रोड किनारे पानी भरे खड्डे में पलट गई। बस में दबे यात्रियों में चीख पुकार मच गई, ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू कर उन्हें बाहर निकाला। हादसे में मां-बेटे समेत 27 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 17 गंभीर घायलों को पुलिस ने बांदा के अस्पताल में भर्ती कराया है।

हमीरपुर जनपद के मौदहा थाना अंतगर्त रीवन गांव से रविवार दोपहर करीब पौने 12 बजे निजी बस सवारियों को लेकर बांदा आ रही थी। हादसे के समय बस में 27 लोगों के साथ कुछ बच्चे भी सवार थे। मौदहा थाना क्षेत्र के जिगनौडा गांव की मोड़ के पास बस का अगला टायर पंचर हो गया, जिससे अनियंत्रित बस रोड किनारे पानी भरे खड्डे में पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल में चीख-पुकार मच गई।

राहगीरों व ग्रामीणों ने बस में फंसे घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। इसमें 17 गंभीर घायलों को एंबुलेंस से बांदा जिला अस्पताल भिजावाया गया। करीब मामूली रूप से दस घायलों का मौके पर ही प्राथमिक उपचार पास के अस्पतालों में कराया गया।हादसे की सूचना मिलने पर सीओ सिटी राकेश कुमार सिंह व कोतवाली नगर के निरीक्षक राजेंद्र सिंह रजावत ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल-चाल लिया। चिकित्सकों से घायलों को बेहतर उपचार देने को कहा है।

हादसे के घायलों में बस कंडेक्टर 51 वर्षीय अशोक ग्राम टिकरी बुर्जुग हमीरपुर, 24 वर्षीय संगीता उसका 30 वर्षीय पति नीरज ग्राम जिगनौडा, 45 वर्षीय राममिलन उसकी 60 वर्षीय मां केशर ग्राम करहिया मौदहा, इसी गांव का 18 वर्षीय आशीष, 27 वर्षीय रेखा इचौली, 66 वर्षीय मूलचंद्र फत्तेपुरवा, 50 वर्षीय देवरत्न ग्राम सोरहा, 35 वर्षीय धरमराज सिंह ग्राम करहिया, 45 वर्षीय चुन्नीलाल ग्राम गौरीकला, 55 वर्षीय मुन्ना ग्राम खंडेहा हमीरपुर, 55 वर्षीय राजकुमारी करहिया, छह वर्षीय शिवा व 35 वर्षीय मां उमादेवी के साथ 22 वर्षीय जयसिंह निवासी ग्राम खंडेहा शामिल हैं।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
