
- विनोद मिश्रा
चित्रकूट। हमारी खबर के बाद गूंगे-बहरे बने बैठे सरकार औऱ प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं। सच यह है कि “रामघाट की सरयू मरी नहीं, उसे मारा” गया है। और “हत्यारा” है “अतिक्रमण माफिया और सिस्टम की मिलीभगत” ! कामदगिरि वही पर्वत है जिसकी “परिक्रमा से कामनाएं पूरी” होती हैं। इसी के गर्भ से दो बेटियां निकलीं, ब्रह्मकुंड से पयस्वनी और पश्चिमी छोर से सरयू। दोनों तीन किलोमीटर “इठलाती-बलखाती” चलतीं, पुरानी लंका में गले मिलतीं और राघव प्रयाग में मंदाकिनी की बाहों में समा कर “त्रिवेणी” बनाती थीं। यह “संगम चित्रकूट का गौरव” था।
फिर 1980 के बाद खेल शुरू हुआ। पहले “नदी के सीने पर मकान गाड़े” गए, फिर “दुकानें तानी” गईं, फिर “सिल्ट और कचरे” से उसका “गला घोंटा” गया। आज हालत यह है कि “सरयू कुंड का नामोनिशान मिट” चुका है। चित्रा गोकुलपुर में जहां वह फिर “प्रकट” होती थी, वहां अब “नाले का बदबूदार पानी बह” रहा है। पयस्वनी घुटनों पर है, मंदाकिनी वेंटिलेटर पर है। मंदाकिनी सफाई के नाम पर हर साल बजट आता है, “फाइलों में नदी चमका” दी जाती है, “जमीन पर त्रिवेणी सीवर” बन चुकी है। सेटेलाइट से प्रशासनिक “खोज” शुरू है। कामयाबी पर नजर है।
बुजुर्गों की “आंखें गवाह” हैं जो कहती हैं “हमने सरयू में स्नान” किया है। आज की पीढ़ी पूछेगी कि “सरयू कहां है” तो जवाब होगा “अतिक्रमण की भेंट चढ़” गई। अगर अब भी आंख नहीं खुली तो लिख कर रख लीजिए, भविष्य में अगली खबर की हेडिंग होगी। “चित्रकूट में मंदाकिनी भी हुई विलुप्त, रामघाट बना रेगिस्तान”।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
