– जनवरी 2019 से पंजाब की जेल में बंद है बाहुबली मुख्तार अंसारी
– 14 आपराधिक मुकदमों के लिए यूपी सरकार को थी तलाश
– स्वास्थ्य कारणों से पंजाब सरकार कर रही थी कस्टडी ट्रांसफर से इनकार
- विनोद मिश्रा
बांदा : मुख्तार अंसारी को फिर बांदा जेल में शिफ्ट करने की सुगबुगाहट को लेकर जेल प्रशासन शुक्रवार को अलर्ट मोड में रहा। पूरे दिन सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के साथ ही दूसरी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई।

मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक माफिया मुख्तार अंसारी पूर्व में 30 मार्च 2017 से 21 जनवरी 2019 तक बांदा जेल में रह चुका है। बाद में उसे यहां से पंजाब जेल शिफ्ट कर दिया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने योगी सरकार के पक्ष में फैसला सुनाते हुए माफिया मुख्तार अंसारी को उप्र पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए दो हफ्ते का समय दिया गया है। संभावना है कि उसे अब बांदा या प्रयागराज जेल में शिफ्ट किया जा सकता है। हालांकि, विशेष कोर्ट की ओर से अभी यह तय होना बाकी है कि उसे किस जेल में रखा जाएगा।

वहीं, सूत्र बताते हैं कि उसे बांदा जेल लाया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को जेल प्रशासन में हलचल रही। सुरक्षा के विषय पर भी चर्चा हुई। पूर्व में उसे यहां की बैरक में रखने के दौरान किए जाने वाले इंतजामों की जानकारी हासिल करने में जेल अफसर जुटे रहे। प्रभारी जेलर पीके त्रिपाठी ने बताया कि मुख्तार को यहां शिफ्ट किए जाने से संबंधित कोई भी सूचना अभी तक उनके पास नहीं आई है। शासन व जेल हेडक्वार्टर के निर्देशों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। अभी जेल की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

वर्ष 2019 में हालत बिगड़ने की बात सामने आई थी, तब जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। ब्लडप्रेशर व शुगर बढ़ने की बात से काफी हंगामे जैसी स्थिति बनी थी। इसके बाद ही उसे पंजाब जेल स्थानांतरित किया गया था।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )





![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
