- विनोद मिश्रा
बांदा। बर्ड फ्लू से मुकाबले को लेकर जिलाधिकारी आनन्द सिंहनें ताल ठोंक दी है। हर स्तर की चौकसी बरती जा रही है।इसी संदर्भ में जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक लेकर कई कड़े निर्देश दिए। नरैनी के पंचमपुर डैम में प्रवासी पक्षियों के आने की जानकारी होने पर निगरानी को कहा। साथ ही सीमा क्षेत्र के थानों व चौकियों को अलर्ट करते हुए पोल्ट्री वाहनों पर प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम आनंद कुमार सिंह ने टास्क फोर्स एवियन एन्फ्लूएन्जा (बर्ड फ्लू) की बैठक ली। जिले से सभी पोल्ट्री फार्मों की सतत निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी पक्षी में बर्डफ्लू के लक्षण पाए जाएं, तो तुरंत दफन करा दिया जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि नरैनी क्षेत्र के पंचमपुर डैम में प्रवासी पक्षी ज्यादा प्रवास करते हैं। यह सितंबर में आते हैं और मार्च माह में वापस में चले जाते हैं। डीएम ने कड़ी निगरानी के निर्देश दिए।

जलाशयों व वन क्षेत्र की सतत हो निगरानी
डीएम ने वन विभाग को निर्देश दिए कि प्रवासी पक्षियों की वन क्षेत्र और जलाशयों में सघन निगरानी रखी जाए। अचानक पक्षियों की मौत होने पर उसकी सूचना तुरंत मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को दी जाए। एएसपी से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में पक्षियों व उनके उत्पात के आवागमन और बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाएं। सीमावर्ती क्षेत्रों में पड़ने वाले थानों एवं चौकियों को अलर्ट रखा जाए, पोल्ट्री वाहनों को तत्काल रोक दिया जाए।

पक्षी नष्ट करने वाली टीम दस दिन रहेगी क्वारंटाइन
लोक निर्माण विभाग को मृत पक्षियों को दफन करने के लिए जेसीबी व मजदूर की व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए कहा कि बर्डफ्लू की पुष्टि होने पर संक्रमित क्षेत्रों पर कार्यरत कुकुट पालक-कर्मचारी और पक्षियों को नष्ट करने वाली आरआरटी टीम को दस दिनों तक क्वारंटाइन रखा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग उनका प्रतिदिन स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उपचार करेगा। इसी तरह सिचाई विभाग को निर्देश दिए कि जलाशयों, बांधों में पक्षियों की आकस्मिक मृत्यु पर नजर रखेंगे। इस बाबत गलत प्रचार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कंट्रोल रूम में लगाई गई ड्यूटी
बर्ड फ्लू को लेकर बने कंट्रोल रूम में राजकीय पशु चिकित्सालय सदर के चिकित्सकों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। डीएम की अध्यक्षता में आरआरटी समिति का गठन किया गया है। इसके अलावा पांचों तहसीलों में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। बैठक में एएसपी महेन्द्र प्रताप चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनडी शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव धीर, अपर जिला सूचना अधिकारी कु. शारदा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
