- विनोद मिश्रा
बांदा। पूर्व लोक निर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय के पौत्र की आत्महत्या मामले में सात लोगों के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि लाठी-डंडे से पीटने के बाद आत्महत्या के लिए उकसाया गया। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

पूर्व राज्यमंत्री के बड़े भाई श्यामलाल के पौत्र राघव ने 11 अप्रैल को इंटर के अंतिम प्रश्नपत्र की परीक्षा देकर लौटने के बाद की देर शाम अतर्रा में संजय नगर, बदौसा रोड स्थित किराए के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी थी। स्वजन शव लेकर अंतिम संस्कार करने चित्रकूट जिले में पैतृक गांव चले गए थे। अंतिम संस्कार क्रिया के दौरान पीठ पर डंडे की चोट के निशान देख शव लेकर वापस अतर्रा लौट आए और पुलिस को सूचना देते हुए पोस्टमार्टम कराया था। राघव के पिता विमलेश उपाध्याय ने रविवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र तीन मार्च को कोचिंग पढ़कर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में प्रियांशु शुक्ला उर्फ विवेक, काजू गुप्ता, राहुल शिवहरे, सचिन शिवहरे, रवि शिवहरे, सौरभ गुप्ता, गुड्डू पंडित ने रोक लाठी-डंडे से मारपीट की थी।

इसकी तहरीर बेटे ने पुलिस को दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने से आरोपितों ने दोबारा इंटर के अंतिम प्रश्नपत्र की परीक्षा देकर लौटने के दौरान मारपीट की। मारपीट के दौरान राघव बेहोश हो गया था। होश में आने के बाद कमरे में आत्महत्या कर ली थी। पिता ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। कहा, तीन मार्च को मारपीट के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी ने कार्रवाई की होती तो आज उनका बेटा जिंदा होता। थाना प्रभारी अनूप दुबे का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
