- ( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश ब्यूरों )
हमीरपुर। CM Yogi Adityanath in Bundelkhand मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों से फीड बैक लेते हुए सभी पीडि़तों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित राजस्व गांवों में बाढ़ की स्थिति व राहत सामग्री आदि वितरण की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही राहत सामग्री तत्काल वितरित कराने को कहा।

-सीएम द्वारा इन्हें बांटी गई राहत सामग्री
सीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में केसरिया डेरा निवासी गयारी, टिर्रा, बच्चीलाल, रामबाबू, महदइया, धनीराम व बेतवा घाट निवासी बाढ़ पीडि़त शोभा, राधा, सुशीला, संपत व जरैली मडैया निवासी सोनिया समेत 11 लोगों को राहत सामग्री बांटी।

-सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री ने सीएमओ डॉ. एके रावत से तैयारियों की जानकारी लेते हुए बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों को लेकर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से पशुओं में फैलने वाली बीमारियों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं बिजली विभाग को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों की काटी गई आपूर्ति को बाढ़ खत्म होने के बाद समय से बहाल करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने प्रत्येक बाढ़ प्रभावित गांव में नोडल अधिकारी तैनात किए जाने को कहा जो राहत सामग्री वितरण के साथ बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें। कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में पुलिस की पेट्रोलिंग कराई जाए।

जिससे इन गांवों में चोरी आदि की घटनाएं न हों। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुना व बेतवा नदियों के बांधों की लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही हमीरपुर को बाढ़ से बचाने के लिए परियोजना बनाई जाए जिससे स्थायी समाधान हो सके। समीक्षा बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों के अलावा जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार, एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव मौजूद रहे।

-जालौन में बोले सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जिले का दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। सीएम योगी शाम 5 बजकर 10 मिनट पर जगमम्नपुर पहुंचे। यहां के डिग्री कालेज में बाढ़ राहत शिविर बनाया गया था। सबसे पहले बाढ़ राहत शिविर में रह रहे लोगों के पास पहुंचकर उन्होंने खाद्य सामग्री बांटी, दैवीय आपदा में अपनों को खोने वाले चार लोगों के परिवार को सीएम ने दैवीय आपदा के तहत आर्थिक सहायता दी। बाद में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा नियंत्रण को लेकर बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी व्यक्ति मदद से छूटे नहीं। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि जनपद में 61 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राहत कार्य के लिए सेना, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को लगाया गया है। चार लोगों की मौत हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाढ़ में सेल्फी लेकर जान को खतरे में न डालें। अब बाढ़ का पानी कम होने लगा है। जिले के हालात सामान्य हो रहे हैं। कार्यक्रम के बाद वह हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
