- विनोद मिश्रा
बांदा। पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब की रोपड़ से बांदा की जेल में शिफ्ट किए जाने पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। अब बरेली रेंज के आठ वार्डन की टीम अलग से उसकी निगरानी के लिए तैनात की गई है। सभी आठ वार्डन को बरेली रेंज की अलग-अलग जेलों से विशेष ड्यूटी के लिए चयनित किया गया है। वहीं गाजियाबाद के डिप्टी जेलर को विशेष निगरानी के लिए बांदा जेल में अलग से तैनात किया गया है। वहीं सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी कराई जा रही है।

पूर्वांचल के पूर्व विधायक एवं माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब की रूपनगर जेल से 6 अप्रैल वर्ष 2021 को कड़ी सुरक्षा के बीच बांदा मंडल कारागार में शिफ्ट किया गया था। न्यायालय के आदेश पर मंडल कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक किया गया है। कड़ी निगरानी के लिए समय समय पर दूसरे रेंज के वार्डन व डिप्टी जेलर की ड्यूटी लगाई जाती है। पिछले माह आगरा रेंज की अलग-अलग जेलों के वार्डन तैनात किए गए थे। इस बार बरेली रेंज के वार्डन बुलाकर पहरे पर नियुक्त किए गए हैं। इसमें जिला कारागार बरेली, केंद्रीय कारागार, मुरादाबाद, बंदायु से एक-एक वार्डन व पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर व बिजनौर कारागार से दो-दो वार्डन शामिल हैं।

गाजियाबाद जेल के डिप्टी जेलर विजय गौतम अलग से विशेष सुरक्षा इंतजाम में तैनात हैं। मुख्तार की तन्हाई बैरक व उसके आसपास खासकर गैर जनपदों के वार्डन व डिप्टी जेलर की निगरानी रहती है। गैर जनपद से आए वार्डनों की ड्यूटी अलग-अलग तीन शिफ्टों में लगाई जाती है। मंडल कारागार के वार्डन व डिप्टी जेलर बाहर से सहयोग देते हैं। इसके अलावा विशेष सुरक्षा के इंतजाम में आठ वाडी वार्न कैमरे, 44 सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं। डेढ़ सेक्शन पीएसी अंदर व पीएसी के 20 जवान बाहरी सुरक्षा में तैनात हैं। इसी तरह मंडल कारागार में 100 वार्डन तीन डिप्टी जेलर व एक जेलर की भी तैनाती है। गेट के बाहर से लेकर अंदर बैरकों तक हर जगह सुरक्षा का पहरा रहता है।

प्रभारी जेल अधीक्षक वीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि निगरानी में किसी तरह की चूक न हो हर समय मानीटरिंग की जाती है। वार्डन व डिप्टी जेलरों को उनके ड्यूटी के दायित्वों को याद दिलाया जाता है। निर्देश रहते हैं कि ड्यूटी के समय किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
