- विनोद मिश्रा
बांदा । दो गज दूरी, मास्क जरूरी के मानक का पंचायत चुनाव में ताल ठोकने वाले प्रत्याशी पूरी तरह से नजरंदाज कर रहे हैं। अपनी जीत के लिए दावेदार कोरोना प्रोटोकाल के मानकों को एक किनारे रख प्रचार में जीजान से जुटे हैं। जीत के लिए तरह-तरह के हथकंडे भी अपना रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों के आगे दंडवत हो रहे हैं तो कुछ जबरन मतदाताओं का हाथ अपने सिर में रखकर जीत का आशीर्वाद मांग रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में यह नजारा इन दिनों आम है। हालांकि, प्रत्याशियों की यह प्रचार शैली कोरोना संक्रमणकाल के दौर में खतरनाक साबित हो सकता है। संक्रमण फैलने से इनकार भी नहीं किया जा सकता है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की रफ्तार के साथ गांवों में पंचायत चुनाव प्रचार भी परवान चढ़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी संक्रमण फैल रहा है। रोजाना एक सैकड़ा कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं। इसके बाद भी प्रधान, डीडीसी, बीडीसी पदों के दावेदार गांवों में प्रचार की धूम मचाए हैं। अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए बुजुर्गों, महिलाओं के आगे नतमस्तक होकर जीत का आशीर्वाद मांग रहे हैं। अन्य मतदाताओं को भी रिझाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।

कोई विकास के नारों से तो कोई स्कूल-कालेजों के सपने दिखाकर वोट मांग रहे हैं। आत्मीयता का भी जमकर प्रदर्शन हो रहा है। उम्मीदवार युवाओं और हमउम्र ग्रामीण वोटरों को गले लगाकर अपनत्व दर्शा रहे हैं, लेकिन कोरोनाकाल में प्रत्याशियों के प्रचार का यह तरीका संक्रमण फैलाने में मददगार भी हो सकता है। खुद बीमार हो सकते हैं और उनके संपर्क में आने वाले ग्रामीण भी चपेट में आकर अस्पताल पहुंच सकते हैं। सीएमओ डा. एनडी शर्मा ने कहा कि प्रत्याशी, समर्थक और मतदाता प्रचार के दौरान आपसी दूरी मानक का पालन करें। मास्क जरूर लगाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। सर्दी, खांसी, बुखार होने पर तुरंत जांच कराएं।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
